राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
आदित्यपुर वार्ड संख्या-20 की गुमटी बस्ती स्थित चूना भट्ठा मैदान को बचाने की मांग को लेकर गठित संघर्ष समिति ने प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है। रविवार को हनुमान मंदिर प्रांगण में अधिवक्ता सुमित कुमार गोराई की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकारी भूमि से जुड़े मामले में 15 सितंबर तक कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
समिति के सचिव सह भाजपा नेता विशु महतो ने बताया कि बस्तीवासी वर्ष 2021 से सरकारी भूमि पर कथित गलत जमाबंदी और लगान निर्धारण को निरस्त कराने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, भूमि सुधार विभाग, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त समेत विभिन्न अधिकारियों को लगातार आवेदन दिए गए हैं।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से मांग उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर से विशु महतो के नेतृत्व में समिति के सदस्य अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
समिति ने प्रशासन से निर्धारित तिथि से पहले मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। बैठक में राजेंद्र प्रसाद यादव, अनिल महतो, विष्णु लोहरा, कालीचरण लोहरा, विश्वनाथ लोहरा, राजेश गोप, रोहित यादव समेत कई बस्तीवासी मौजूद थे।

