आशियाना आदित्य सोसाइटी में उल्लासपूर्ण होली उत्सव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित आशियाना आदित्य सोसाइटी में होली का पर्व हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। सोसाइटी का पूरा परिसर रंगों, संगीत और खुशियों से गुलजार रहा। सभी निवासी—महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग—एक साथ मिलकर इस पावन अवसर का आनंद लेते नजर आए।
डीजे और ढोल की थाप पर आयोजित रेन डांस कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक होली गीतों और फगुआ की धुनों पर लोगों ने जमकर नृत्य किया। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलने और शुभकामनाएं देने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा, जिससे आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना और प्रगाढ़ हुई।
होली के पूर्व संध्या पर विधिपूर्वक होलिका दहन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। इसके बाद कलाकारों द्वारा प्रस्तुत फगुआ गीतों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया गया। रंग, संगीत और मेल-जोल से भरा यह होली उत्सव सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।

