
233 पशुपालकों को मिला 5 लाख 51 हजार रुपए का बोनस वितरण
वैज्ञानिक पशुपालन पर दिया जोर
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
नोनपुर दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड में शुक्रवार को आयोजित समारोह में 233 पशुपालकों के बीच कुल 5 लाख 51 हजार 382 रुपए का बोनस वितरित किया गया। यह राशि वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 की थी। बोनस मिलने से पशुपालकों में खुशी देखी गई।
तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि दुग्ध उत्पादन ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन है। पशुपालक सहकारिता से जुड़कर इसका लाभ उठा सकते हैं। बरौनी डेयरी के पर्यवेक्षक अरुण कुमार ने नियमित दूध संग्रह और भुगतान की महत्ता बताते हुए वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन, संतुलित आहार और पशुओं की उचित देखभाल पर जोर दिया।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, बरौनी के अंतर्गत संचालित समिति के समारोह की अध्यक्षता फुलेना पंडित ने की। संचालन शंभू पंडित ने किया तथा सचिव शिवनाथ महतो ने अतिथियों का स्वागत किया। मौके पर प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पिंकी देवी, विनोद पासवान, सुशील कुमार महतो, सुखदेव सिंह, किसान राजेश कुमार, शिव बालक महतो सहित सैकड़ों पशुपालक उपस्थित थे।

