राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
आदित्यपुर रेलवे कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के समीप शनिवार देर रात दुर्गा पूजा का नोटिस लगाने पहुंचे मंदिर समिति के कैशियर मोहित कुमार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में मोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके एक सहयोगी को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहित कुमार आदित्यपुर नगर निगम के होमगार्ड के साथ ही रेलवे कॉलोनी जगन्नाथ रथ यात्रा मंदिर समिति के संस्थापक सदस्य एवं कैशियर तथा रेलवे कॉलोनी दुर्गा पूजा एवं काली पूजा मंडप के सचिव भी हैं। जानकारी के अनुसार, वह शनिवार रात दुर्गा पूजा से संबंधित नोटिस लगाने के लिए शिव मंदिर परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई।
मोहित कुमार ने आरोप लगाया है कि उन पर लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से हमला किया गया।
उन्होंने हमले में पेट्रा बाउरी, किशोर बाउरी, छोटका बाउरी समेत दो अन्य लोगों को नामजद करते हुए आरआईटी थाना में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में जान से मारने के प्रयास का भी आरोप लगाया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने रेलवे कॉलोनी मैदान एवं आसपास नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा नशाखोरी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

