*तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, मजदूर की मौत*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
राजनगर थाना क्षेत्र में पिछली देर रात करीब एक बजे हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य मजदूरों के घायल होने की सूचना है। हादसा राजनगर थाना से करीब 500 मीटर दूर होंडा शोरूम के समीप हुआ।
जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे एक ट्रक पर मजदूर बांस उतारने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर संख्या जेएच 10 डीजे 4827 ने खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर की चपेट में आने से बांस उतारने के काम में लगे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के भंडारसोल निवासी नीलकंठ जाना के रूप में हुई है। हादसे में अन्य मजदूरों को भी हल्की चोटें आने की बात सामने आई है।
बताया जाता है कि मजदूर ट्रक से बांस उतारने के लिए उसकी रस्सी खोल रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आए ट्रेलर ने पीछे से खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव के साथ दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। रविवार सुबह करीब नौ बजे मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया।
इधर, मृतक के परिजनों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजा दिलाने तथा प्रशासन से मामले में न्याय की मांग की है।

