जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं, समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली। इस दौरान आमजनों द्वारा अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिन पर उपायुक्त ने गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दरबार में भूमि विवाद, आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, ट्राईसाइकिल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामले सामने आए। उपायुक्त ने आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई कर समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनशिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी प्राप्त मामलों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को उनके मामलों में हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की समस्याओं के समाधान एवं शिकायतों के निराकरण हेतु प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में नियमित जनता दरबार आयोजित किया जाता है। जिलेवासी अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन जनता दरबार में प्रस्तुत कर सकते हैं।

