पंचायतें गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें विकास कार्य : ओपी राजभर
स्वच्छता, सौर ऊर्जा, डिजिटल लाइब्रेरी और जल गुणवत्ता योजनाओं की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की अध्यक्षता में शुक्रवार को विधान भवन में विभागीय योजनाओं, बजट और ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2, फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट, स्वच्छता जागरूकता, मुख्यमंत्री ग्राम सौर योजना के तहत 2,500 से अधिक आबादी वाली पंचायतों में हाईमास्ट व सोलर लाइट की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, आधार सेवा केंद्र, पंचायत सचिवों को स्मार्ट मोबाइल, हैंडपंप सत्यापन, जल गुणवत्ता और जियो-टैगिंग की प्रगति भी परखी गई। मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाई हैं और प्रत्येक योजना का प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। बैठक में प्रमुख सचिव पंचायती राज रविन्द्र, निदेशक अमित सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

