SIR विवाद के बीच CEC ज्ञानेश कुमार का मेरठ-वाराणसी दौरा रद्द
25 और 28 सितंबर को युवाओं से संवाद के कार्यक्रम थे प्रस्तावित, कारण स्पष्ट नहीं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का उत्तर प्रदेश के मेरठ और वाराणसी का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर को मेरठ और 28 सितंबर को वाराणसी में युवाओं के साथ संवाद होना था। इन कार्यक्रमों में चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर संवाद प्रस्तावित था।
दौरा ऐसे समय रद्द हुआ है जब निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों और विभिन्न समूहों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। आयोग के भीतर कथित मतभेदों को लेकर भी सार्वजनिक चर्चा है।
इस बीच CJP की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन का अल्टीमेटम दिए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, दौरा रद्द किए जाने का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं है और इसे SIR विवाद या किसी आंदोलन से सीधे जोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

