डेढ़ साल से फरार नाजिया परवीन और विपुल कर्मकार गिरफ्तार
*ब्राउन शुगर मामले की मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपी न्यायिक हिरासत में*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
आदित्यपुर थाना पुलिस ने बुधवार को अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ साल से फरार चल रही ब्राउन शुगर मामले की आरोपी नाजिया परवीन और कुख्यात अपराधी विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 के आदित्यपुर थाना कांड संख्या 97/25 में नाजिया को ब्राउन शुगर बरामदगी मामले का मुख्य साजिशकर्ता नामजद किया गया था। घटना के बाद से वह मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदलकर रह रही थी। गुप्त सूचना पर पुलिस ने जीवनपुर से उसे गिरफ्तार किया।
वहीं, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 209/2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी विपुल कर्मकार गिरफ्तारी से बचने के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रह रहा था। पुलिस को उसके आदित्यपुर लौटने की सूचना मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने राममड़ैया बस्ती में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार विपुल के खिलाफ लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और ब्राउन शुगर तस्करी के मामले आदित्यपुर, कदमा और बिष्टुपुर थानों में दर्ज रहे हैं। उसका भाई सिपुल कर्मकार भी हाल में छिनतई के मामले में जेल गया है।

