सुनील कुमार दे को पद्मश्री देने की मांग, सौंपा ज्ञापन
*बांग्ला भाषा उन्नयन समिति ने साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में योगदान का दिया हवाला*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
बांग्ला भाषा उन्नयन समिति, झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने पोटका प्रखंड के साहित्यकार एवं समाजसेवी सुनील कुमार दे को पद्मश्री सम्मान दिए जाने की मांग को लेकर उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम तथा धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
समिति ने ज्ञापन में कहा है कि ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े सुनील कुमार दे ने बांग्ला और हिंदी भाषा में अब तक 35 पुस्तकों का लेखन किया है। इसके अलावा पोटका और राजनगर के सुदूर ग्रामीण इलाकों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने में भी उनकी भूमिका रही है। समिति के अनुसार, उनके प्रयासों से अब तक 60 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।
बांग्ला भाषा के संरक्षण और नई पीढ़ी को भाषा से जोड़ने के उद्देश्य से माताजी आश्रम के माध्यम से उनके नेतृत्व में 34 ‘अपूर पाठशाला’ संचालित किए जाने का भी दावा किया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग के समर्थन में विभिन्न दस्तावेजों के साथ सुनील कुमार दे के पद्मश्री के लिए किए गए ऑनलाइन आवेदन की प्रति भी अधिकारियों को सौंपी। प्रतिनिधिमंडल में समाजसेवी एवं साहित्यकार तथा पूर्व जिला परिषद सदस्य करुणामय मंडल और समिति के सचिव राजेश राय समेत अन्य सदस्य शामिल थे।

