पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए दिसंबर में आंदोलन : रजत गुप्ता
*जेयूजे के जिला सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, संगठन की मजबूती और कल्याण के मुद्दों पर बनी रणनीति*
मृत्युंजय बर्मन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
चांडिल के पुराने आइबी परिसर में बुधवार को झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट का अनुमंडल स्तरीय सम्मेलन आयोजित हुआ। प्रदेश अध्यक्ष रजत कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, समाचार संकलन के दौरान आने वाली चुनौतियों, पत्रकार कल्याण और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर चर्चा हुई। पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग प्रमुखता से उठी। प्रदेश अध्यक्ष रजत गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर संगठन गंभीर है। सुरक्षा कानून लागू कराने के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है और दिसंबर में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव सतीश शाहदेव ने पत्रकारों को झूठे मुकदमों में फंसाए जाने की शिकायतों का उल्लेख करते हुए एकजुटता पर जोर दिया। प्रदेश संगठन मंत्री शिव कुमार अग्रवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई को ताकत देगी।
सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा, कयूम खान, प्रदेश सचिव रमेश सिंह, जावेद अख्तर, विनय राज, कार्यकारिणी सदस्य कौसर अली, सुधीर गोराई, दिलीप कुमार, मुबीन अख्तर, श्रीकांत महतो, संजय शर्मा, संजय गोराई, दिकपाल कुमार, बेनुधर महतो, कमलेश महतो, फूलचंद पारित, सागर गोप, दीनबंधु पांडा, कामदेव कुमार, दिनेश मुदी, प्रदीप कुमार, मृत्युंजय बर्मन आदि उपस्थित थे।

