नाला में झामुमो की संगठनात्मक बैठक, मजबूती और जनसंपर्क पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रवीन्द्रनाथ महतो की उपस्थिति में नाला स्थित PWD परिसर में झामुमो की एक दिवसीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और प्रखंडों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने संगठन की वर्तमान स्थिति, क्षेत्रीय समस्याओं और जनसंपर्क अभियान को लेकर अपने विचार रखे। कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और लोगों के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
रवीन्द्रनाथ महतो ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह, समर्पण और सक्रियता को देखकर यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि नाला विधानसभा क्षेत्र में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जनता के बीच लगातार संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
बैठक का समापन संगठन विस्तार, जनहितकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ हुआ।

