विश्व रेड क्रॉस दिवस पर रक्तदान महायज्ञ, 503 यूनिट रक्त संग्रहित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 8 मई। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर रेड क्रॉस भवन में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला उपायुक्त सह रेड क्रॉस अध्यक्ष श्री राजीव रंजन, एसडीओ सह उपाध्यक्ष श्री अर्णव मिश्रा, जमशेदपुर ब्लड सेंटर की सचिव श्रीमती नलिनी राममूर्ति, रवीन दुग्गल, जेसीएपीसीपीएल के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी, समाजसेवी एवं रेड क्रॉस पेट्रन कृष्ण मुरारी गुप्ता, उपाध्यक्ष विकास सिंह, रक्तदान प्रभारी अरुण बाकरेवाल, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय, टीआरएफ लिमिटेड के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन प्रमुख कौशिक दत्ता, पेट्रन आसिफ मेहमूद तथा रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर झारखंड एवं पूर्वी भारत में सर्वाधिक रक्तदान करने वाली संस्था टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महासचिव राजेन्द्र कुमार सिंह को एक दिन में तीन हजार से अधिक यूनिट रक्तदान के लिए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक कार्यों के लिए श्रीमती स्मिता पारिख एवं श्री आशिफ महमूद तथा पूर्वी भारत के सुदूरवर्ती राज्यों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले बीबीडीए के अध्यक्ष सुनील मुखर्जी को भी सम्मानित किया गया।
उपायुक्त सह अध्यक्ष श्री राजीव रंजन ने कहा कि रेड क्रॉस पूर्वी सिंहभूम की गतिविधियां मानव सेवा को समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि विश्व रेड क्रॉस दिवस संस्था के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे मानवता की सेवा के साथ मनाना संस्था के उद्देश्यों को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इसी समर्पण के कारण संस्था की पहचान और प्रतिष्ठा बनी हुई है।
एसडीओ श्री अर्णव मिश्रा ने रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं के उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है। कार्यक्रम में स्वागत भाषण रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष विकास सिंह ने दिया, जबकि रक्तदान संबंधी जानकारी रक्तदान प्रभारी अरुण बाकरेवाल ने प्रस्तुत की।
जेसीएपीसीपीएल के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी ने कहा कि उनकी कंपनी का रेड क्रॉस के साथ मानवीय सेवा कार्यों में मजबूत संबंध है और भविष्य में भी इस दिशा में सहयोग जारी रहेगा। टीआरएफ के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन प्रमुख कौशिक दत्ता ने कहा कि उनकी कंपनी आकार में छोटी जरूर है, लेकिन सामाजिक दायित्व निभाने में हमेशा आगे रहती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर नए युवाओं को जोड़कर भविष्य के रक्तदाता तैयार करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस के पेट्रन एवं शिविर संयोजक कृष्ण मुरारी गुप्ता तथा श्रीमती मालती गुप्ता ने अपनी 55वीं वैवाहिक वर्षगांठ पर कार्यकर्ताओं के बीच केक काटकर खुशियां साझा कीं। अतिथियों ने रक्तदाताओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
शिविर में कुल 561 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 503 रक्तदाताओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। शिविर का आयोजन रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह की देखरेख में किया गया।
रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उपाध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, पेट्रन प्रेम प्रकाश गोयल, संजय सिंह, चन्द्रमोहन सिंह, राजेश मोहन प्रसाद, पूरबी घोष, दिवाकर सिंह, बीएनपी गुप्ता, व्हीएसएन मूर्ति, पत्रकार जयप्रकाश राय, प्रमोद कुमार झा, नानक सिंह, ह्युमन वेल्फेयर ट्रस्ट के मुख्तार आलम, मतिउर्र रहमान तथा समाजसेवी सीताराम जी उपस्थित रहे।
रक्तदान महायज्ञ को सफल बनाने में प्रभुनाथ सिंह, आशुतोष पारीक, विकास अग्रवाल, राकेश मिश्रा, विधायक विश्वास, प्रकाश मिश्र, कौशिक राय, राधेश्याम कुमार, डीके घोष, दीपक मित्रा, विश्वकर्मा एवं गायत्री देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के सफल आयोजन में रेड क्रॉस सोसाईटी के साथ जमशेदपुर ब्लड सेंटर एवं बीबीडीए की टीम का भी अहम योगदान रहा।

