जमशेदपुर: पारिवारिक विवाद से परेशान सिपाही ने मोबाइल टावर पर चढ़कर किया आत्महत्या का प्रयास, साथियों की सूझबूझ से बची जान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस लाइन में पदस्थापित एक सिपाही पारिवारिक विवाद से परेशान होकर थाना के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सिपाही के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में बाबू लाल नामक सिपाही लंबे समय से पारिवारिक कलह से मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के कारण उसने आत्महत्या करने की नीयत से सीतारामडेरा थाना के सामने लगे मोबाइल टावर पर चढ़कर जान देने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस और उसके साथी पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने और धैर्यपूर्वक बातचीत करने के बाद साथी पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहे। पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
सिपाही को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच कराई गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मानसिक तनाव में था। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है तथा पारिवारिक विवाद के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
घटना के दौरान कुछ देर के लिए थाना परिसर के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली कि समय रहते पुलिस ने सिपाही को सुरक्षित बचा लिया और एक संभावित दुखद घटना टल गई।

