450 रुपये गैस सिलेंडर का वादा भूल गई सरकार : सांसद बिद्युत बरण महतो
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने झारखंड सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से 450 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के बाद अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।
सांसद ने कहा कि महंगाई से आम जनता परेशान है और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राहत देने के बजाय केवल धरना-प्रदर्शन और दिखावे की राजनीति कर रही है।
बिद्युत बरण महतो ने कहा कि यदि सरकार गंभीर होती तो धरना देने के बजाय राज्यभर में रियायती दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू करती। उन्होंने कहा कि जनता अब चुनावी वादों और हकीकत का अंतर समझ चुकी है।
सांसद ने सरकार से अविलंब 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने की योजना लागू करने की मांग करते हुए कहा कि जनता को राजनीतिक नाटक नहीं, बल्कि महंगाई से राहत चाहिए।

