राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : रथ यात्रा से ठीक पहले खासमहल स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। विश्व हिंदू परिषद के नेता अरुण सिंह ने आरोप लगाया है कि रेलवे प्रशासन मंदिर परिसर में हो रहे निर्माण को तोड़ने की कोशिश कर रहा है, जिससे शहर में साम्प्रदायिक तनाव उत्पन्न हो सकता है।
अरुण सिंह ने कहा कि श्री जगन्नाथ मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और रथ यात्रा जैसे पवित्र पर्व से पहले इस प्रकार की कार्रवाई लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने रेलवे प्रशासन से स्पष्ट रूप से आग्रह किया है कि मंदिर और आस्था के केंद्र के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जबरन कार्रवाई की तो इसका व्यापक विरोध किया जाएगा। विहिप कार्यकर्ताओं ने भी मंदिर परिसर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन से संवेदनशीलता बरतने की मांग की।
इधर, स्थानीय श्रद्धालुओं में भी इस मुद्दे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि रथ यात्रा से पहले मंदिर परिसर में किसी प्रकार की तोड़फोड़ उचित नहीं है।
हालांकि, इस मामले में रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

