पोटका के सावनाडीह में चला फोकस लेप्रोसी कैंपेन, 95 लोगों की जांच, कुष्ठ रोग के प्रति किया गया जागरूक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत सावनाडीह गांव में फोकस लेप्रोसी कैंपेन (FLC) चलाया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों की जांच की और कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक किया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ के नेतृत्व में चले इस अभियान में सहिया और एमपीडब्ल्यू कर्मियों ने गांव के 95 लोगों की जांच की। जांच के दौरान 15 संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, हालांकि कोई भी कुष्ठ रोगी नहीं मिला।
इस दौरान जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और नियमित MDT दवा से दिव्यांगता को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में जिले में अब तक 54 नए कुष्ठ रोगी मिले हैं, जिनमें 5 दिव्यांग मरीज शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार, सेल्फ केयर और सरकार द्वारा दी जा रही सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों से कुष्ठ रोग को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और मरीजों के साथ सामान्य व्यवहार करने की अपील की।

