परसुडीह में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप के साथ पांच गिरफ्तार, 119 पुड़िया समेत कार और बैंक दस्तावेज बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की बड़ी खेप पकड़ी है। इस दौरान पांच लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 119 पुड़िया ब्राउन शुगर, हुंडई कंपनी की सफेद कार, 12 चेकबुक, तीन पासबुक, एक क्रेडिट कार्ड, नौ क्यूआर कोड और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि 9 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि संत रोबर्ट स्कूल के पीछे मैदान में एक सफेद कार में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना पर थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों — अरविंद कुमार शर्मा उर्फ कैडी, हनी स्यांसी, मोहम्मद समीर, मोहम्मद सब्बीर हुसैन और मोहम्मद तौफिक आलम — को पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि इन आरोपियों के बैंक खातों से लाखों रुपये का लेन-देन किया गया है। मामले में परसुडीह थाना कांड संख्या-121/25 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

छापामारी दल में थाना प्रभारी अविनाश कुमार के साथ एएसआई हीरालाल चुबीड, अरुण कुमार, गौतम कुमार वर्मा, विरेंद्र कुमार सिंह और थाना सशस्त्र बल शामिल थे।

