नेपाल में हिंसा के बीच जेल ब्रेक, 13 हजार से अधिक कैदी फरार, भारत-नेपाल बॉर्डर हाई अलर्ट पर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सीतामढ़ी।पड़ोसी देश नेपाल में जारी राजनीतिक और सामाजिक हिंसा के बीच हालात नियंत्रण से बाहर हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने नेपाल के विभिन्न जेलों पर हमला कर 13 हजार से अधिक कैदियों को रिहा करा लिया। सीतामढ़ी से सटे जलेश्वर कारागार में भी 577 कैदी फरार हो गए।

भागते हुए कई कैदी भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें स्थानीय पुलिस ने हिरासत में लिया। सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन ने बताया कि नेपाल की घटनाओं के मद्देनजर बॉर्डर सुरक्षा हाई अलर्ट पर है, सीमा को सील कर दिया गया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

नेपाल में बिगड़ती हिंसा और जेल ब्रेक की घटनाओं से पड़ोसी क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

