यूसिल में ट्रांसफर आदेश की दोहरी नीति, कर्मचारियों में रोष
राष्ट्र संवाद मुख्य संवाददाता
यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) प्रबंधन पर चयनात्मक अनुशासन बरतने का आरोप लग रहा है। 24 जून 2025 को तत्कालीन सीएमडी डॉ. एसके सतपथी द्वारा हस्ताक्षरित ट्रांसफर आदेश (UCIL/CORP/193) के तहत 18 अधिकारियों का स्थानांतरण हुआ था। अधिकांश अधिकारी समय पर नई पोस्टिंग पर ज्वाइन कर चुके हैं, लेकिन जादूगोड़ा में पदस्थापित एसके बर्मन (Emp. No. 7366), डीजीएम (परचेज) एचओडी, अभी तक अपनी नई जगह नहीं गए हैं।

आदेशानुसार उन्हें डीजीएम (परचेज) एचओडी, तुमल्लापल्ली में रिपोर्ट करना था, पर वे निदेशक तकनीकी की कथित शह पर जादूगोड़ा में ही टिके रहे। उच्च अधिकारियों की फटकार के बाद 11 अगस्त की दूसरी पाली से उन्हें रिलीज किया गया, लेकिन अब भी तरह-तरह के बहाने बताकर वहीं बने रहने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, सी. मतिबन्न ने 4 जुलाई को ज्वाइन कर कार्यभार संभाल लिया है और अपना परिवार तक जादूगोड़ा ले आए हैं। इस कारण तुमल्लापल्ली में परचेज विभाग का काम लटका हुआ है और नया एचओडी जॉइन करने की प्रतीक्षा कर रहा है।

कर्मचारियों का कहना है कि बड़े अधिकारियों के लिए अलग नियम और बाकी के लिए कड़ा अनुशासन अनुचित है। एक अधिकारी ने कहा, “अगर बर्मन को पुराने पद पर बने रहने की छूट है, तो हम भी अपने पुराने स्थान पर लौटने को बाध्य होंगे।” पूर्व सीएमडी के हस्ताक्षर से जारी आदेश अब प्रबंधन की साख की परीक्षा बन गया है। कर्मचारियों की निगाहें प्रबंधन पर टिकी हैं कि क्या वह अपने ही आदेशों का सम्मान कर अनुशासन लागू करेगा या चुप्पी साधकर औद्योगिक अशांति को न्योता देगा।


