प्रेमी से मिलाने का झांसा देकर कोसी नदी में धक्का देने का आरोप, इंजीनियर और मजदूर ने बचाई नवविवाहिता की जान
राष्ट्र संवाद संवादाता
सुपौल। सुपौल जिले में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां प्रेम संबंध के विवाद में एक नवविवाहिता को कथित रूप से कोसी नदी में धक्का देकर मारने की कोशिश की गई। हालांकि, तटबंध पर ड्यूटी कर रहे कनीय अभियंता और एक मजदूर की बहादुरी व सूझबूझ से युवती की जान बच गई। घटना के बाद पुलिस ने युवती को संरक्षण में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सदर प्रखंड के बसबिट्टी पंचायत स्थित कोसी तटबंध के 64/95 स्पर पर मंगलवार रात करीब 10 बजे कनीय अभियंता चितरंजन कुमार और मजदूर सुभाष कुमार रात्रि ड्यूटी पर तैनात थे। भोजन करने के बाद दोनों बाहर निकले तो उन्हें कोसी नदी की ओर से किसी युवती के मदद के लिए चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही दोनों टॉर्च लेकर नदी किनारे पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मजदूर सुभाष कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती कोसी नदी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाई गई युवती ने अपना नाम आशा कुमारी बताया, जो सुपौल सदर प्रखंड के लखनिपट्टी गांव की रहने वाली है। युवती ने पुलिस को बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती थी, लेकिन परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। करीब एक माह पहले उसकी इच्छा के विरुद्ध दूसरे युवक से शादी करा दी गई थी। उसका आरोप है कि मंगलवार रात उसके मामा और बहनोई उसे प्रेमी से मिलवाने का झांसा देकर घर से निकले और पिपरा खुर्द के पास कोसी नदी पहुंचने पर उसे नदी में धक्का दे दिया।
युवती किसी तरह बहते हुए तटबंध के स्पर तक पहुंची और मदद के लिए आवाज लगाने लगी, जिसे सुनकर उसकी जान बचाई जा सकी।
घटना की सूचना कनीय अभियंता चितरंजन कुमार ने तत्काल डायल-112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवती को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। डायल-112 में तैनात एएसआई दीपक कुमार सिंह ने बताया कि युवती के लगाए गए आरोपों की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। उनके निर्देश पर पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

