सरायकेला: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन स्नैचिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। यह घटना टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित भाटिया बस्ती सर्विस रोड पर नायक होटल के समीप हुई। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता बबिता सिंह, पति दिलीप सिंह, सुबह टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में कई अहम सुराग सामने आए हैं। फुटेज में दोनों आरोपी हेलमेट पहने दिखाई दे रहे हैं, जबकि बाइक चला रहा युवक हाफ पैंट में नजर आ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बाइक के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगी हुई थी। आगे की प्लेट पर JH05CD अंकित है, जबकि पीछे की प्लेट पर JH ? 9883 लिखा दिखाई दे रहा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया।
आदित्यपुर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी है। पुलिस बाइक और दोनों आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि आरआईटी मोड़ और आसपास का इलाका लगातार आपराधिक घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की जा रही है। स्थानीय पार्षद मनोरमा देवी ने भी पुलिस प्रशासन से नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर नजर रखने और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

