रथ मेला देखने जा रहे परिवार का ऑटो लॉरी से टकराया, पांच घायल, बच्चे की हालत गंभीर
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरायकेला: टाटा-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-18) पर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रथ मेला देखने जा रहे झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित आदरडीह गांव के एक परिवार का ऑटो तेज रफ्तार लॉरी की चपेट में आ गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच परिवार के सदस्य ऑटो से बलरामपुर रथ मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान बलरामपुर के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार लॉरी ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, एक बच्चे की हालत गंभीर है, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर एनएच-18 पर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि बलरामपुर क्षेत्र में एनएच-18 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

