गांव-गांव पहुंच रहा डालसा का न्याय रथ, पोटका के सुदूर इलाकों में विधिक जागरूकता अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान के तहत रविवार को न्याय रथ पोटका प्रखंड के सुदूर गांवों में पहुंचा।
पीएलवी (अधिकार मित्र) ने सानग्राम, केंदमुड़ी सहित विभिन्न गांवों में शिविर लगाकर ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह, बाल मजदूरी, डायन प्रथा, मानव तस्करी, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के अधिकारों के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान बुकलेट और पंपलेट वितरित किए गए तथा जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया। ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर संचालित विधिक सहायता केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।
अभियान में पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, मनोज कुमार महतो सहित पोटका क्षेत्र के कई अधिकार मित्र सक्रिय रूप से शामिल रहे।

