भाजपा का ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ 25 सितंबर से, बाबूलाल मरांडी करेंगे संगोष्ठी को संबोधित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ चलाएगी। इसके तहत घर-घर स्वदेशी का संदेश, हस्ताक्षर अभियान, व्यापारी-युवा सम्मेलन, प्रभात फेरी और स्वदेशी मेले का आयोजन होगा।
बुधवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर की कार्यशाला साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित हुई। अध्यक्षता सुधांशु ओझा ने की और मुख्य वक्ता प्रदेश मंत्री सरोज सिंह रहे। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाकर भारत को आत्मनिर्भर बनाना प्रधानमंत्री का संकल्प है।
जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर व्यक्ति को स्वदेशी वस्तुएं खरीदने के लिए प्रेरित करें। मंच संचालन जिला संयोजक संजीव सिंह और धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने किया।
इस बीच, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर 26 सितंबर को साकची के कालीमाटी बैंक्वेट हॉल में संगोष्ठी होगी, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मुख्य वक्ता होंगे।

