चतरा में शादी की खुशियां मातम में बदली, डीजे वाहन पलटने से एक की मौत, तीन गंभीर घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। बारात में शामिल डीजे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक का हाथ कटकर अलग हो गया, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीजे वाहन तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया तथा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

