तकनीकी संस्थानों में भी बढ़े हिंदी का प्रयोग : रवीन्द्र कुमार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
इंडो डेनिश टूल रूम (आईडीटीआर), जमशेदपुर में हिंदी दिवस के अवसर पर राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता और कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक रवीन्द्र कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों से हिंदी में पत्राचार एवं प्रारूप लेखन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी एवं औद्योगिक संस्थानों में हिंदी के प्रयोग से तकनीकी जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। साथ ही अंग्रेजी व अन्य भारतीय भाषाओं के प्रति सम्मान और समन्वय को भी जरूरी बताया।
प्रबंधक (प्रशिक्षण) डॉ. रामबाबू वर्मा ने हिंदी के व्यापक स्वरूप और तकनीकी संस्थानों में इसके प्रभावी प्रयोग पर प्रकाश डाला। इस दौरान निबंध लेखन, चित्रांकन और भाषण प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अभियंता बहादूर हांसदा और धन्यवाद ज्ञापन वरीय अभियंता वाईके कंठ ने किया।

