सरकारी जमीन पर बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र को लेकर बवाल, महिला ने जताया पुश्तैनी हक—निर्माण कार्य रुका
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सरजमदा नाला के पास उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सरकारी जमीन पर बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को अचानक रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, करीब 55 लाख रुपये की लागत से इस उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान स्थानीय महिला जानकी देवी अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं और जमीन को अपनी पुश्तैनी संपत्ति बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध करने लगीं। विरोध इतना बढ़ गया कि वे जेसीबी मशीन के सामने खड़ी हो गईं, जिससे काम ठप पड़ गया।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जानकी देवी समेत उनके परिजनों को समझाने का प्रयास किया। विरोध जारी रहने पर पुलिस उन्हें अपने साथ थाना ले गई। इस दौरान महिलाओं द्वारा विरोध-प्रदर्शन भी किया गया।
जानकी देवी का आरोप है कि संबंधित जमीन उनकी पुश्तैनी है और प्रशासन जानबूझकर इस पर निर्माण कार्य करवा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी कीमत पर वे इस जमीन पर निर्माण नहीं होने देंगी।
वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि उक्त भूमि पूरी तरह से सरकारी है। खाता नंबर 479 और प्लॉट नंबर 1255 के तहत कुल 1.01 एकड़ जमीन उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए चिन्हित की गई है, जिसका बोर्ड भी मौके पर लगाया गया है।
सरकार की योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हर पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इस स्थल का चयन किया गया है।
फिलहाल ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में बाधा डालने को लेकर परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

