केवल राजग ही असम को घुसपैठ से मुक्त करा सकता है: योगी आदित्यनाथ
बारपेटा/बरछला, तीन अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि केवल भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ही असम को घुसपैठियों से मुक्त करा सकता है और जनसांख्यिकीय बदलाव को रोक सकता है।
आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकारें अपने वादों को पूरा करती हैं और इससे ‘‘विरासत-विकास’’ एक साथ सुनिश्चित होगा।
बारपेटा और बरछला में रैलियों को संबोधित करते हुए, भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने लंबे शासनकाल के दौरान राज्य और उसके लोगों की रक्षा करने में विफल रही है।
बारपेटा में असम गण परिषद (अगप) उम्मीदवार दीपक कुमार दास के समर्थन में प्रचार करते हुए उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘असम में कांग्रेस 60 वर्षों से सत्ता में थी। लेकिन इसने घुसपैठ, हिंसा और दंगों को ही बढ़ावा दिया। इसने स्थानीय संस्कृति और विरासत को खतरे में डाल दिया।’’
उन्होंने एआईयूडीएफ पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह घुसपैठियों को प्रोत्साहित कर रही है और उसका लक्ष्य इनके समर्थन से सत्ता पाना है।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘कांग्रेस और एआईयूडीएफ मिलकर राज्य की संस्कृति और विरासत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि राजग सरकार राज्य में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक घुसपैठिये की पहचान करके उसे खदेड़ दिया जायेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला राजग ‘लव और लैंड जिहाद’ तथा जनसांख्यिकी में किसी भी प्रकार का बदलाव सहन नहीं करेगा।
आदित्यनाथ ने कहा कि राजग ‘‘विरासत-विकास’’ को एक साथ सुनिश्चित करेगा, जैसा कि उसने उन राज्यों में किया है जहां वह सत्ता में है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में असम में एक बड़ा बदलाव आया है और मैं इस चुनाव में राजग के लिए आपके निरंतर समर्थन का आग्रह करता हूं।’’
अपने राज्य का उदाहरण देते हुए आदित्यनाथ ने दावा किया कि भाजपा शासन के पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ या कर्फ्यू नहीं लगा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कोई भी सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ सकता। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण भाजपा द्वारा अपने वादे को पूरा करने का एक और उदाहरण है।
बारपेटा से अपने उम्मीदवार का नामांकन रद्द करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ‘‘चुनाव से पहले ही मैदान से भाग गई है’’।
सोनितपुर जिले के बरछला में भाजपा के ऋतुबरन शर्मा के समर्थन में एक अन्य रैली में, आदित्यनाथ ने कहा कि केवल भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारें ही जनता से किए गए वादों को पूरा करती हैं।
उन्होंने कहा कि असम में राजग सरकार ने शांति बहाल की है और विकास सुनिश्चित किया है, साथ ही घुसपैठ के खिलाफ निर्णायक कदम भी उठाये हैं।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘पहले गरीबों के लिए मिलने वाला राशन घुसपैठिये खा जाते थे। लेकिन अब लोगों को मुफ्त अनाज, एलपीजी सिलेंडर और बिजली, स्वास्थ्य बीमा और नौकरियां मिल रही हैं। ये सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की ‘डबल इंजन’ सरकार की बदौलत ही संभव हो पाया है।’’
उन्होंने कहा कि सड़कों, रेल, हवाई और अंतर्देशीय जलमार्गों में सुधार और विस्तार से ‘कनेक्टिविटी’ को काफी बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में महिलाओं का सशक्तीकरण और युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित किया गया है।
आदित्यनाथ ने कहा कि चाय के लिए विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त राज्य असम अब यहां स्थापित होने वाली आगामी सेमीकंडक्टर इकाई की ‘चिप’ के लिए भी जाना जायेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, सुशासन और समृद्धि के लिए, मैं राज्य की जनता से एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार को वोट देने का आग्रह करता हूं।’’
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।

