बड़बिल में ‘परमात्म दर्शन’ नूतन भवन का उद्घाटन, 1300 श्रद्धालु हुए शामिल
*आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक जीवन का संदेश, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
ओडिशा के बड़बिल नगरपालिका क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं सामाजिक उल्लास के बीच ‘परमात्म दर्शन’ नूतन भवन का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 1200 से 1300 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ध्वजारोहण और भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके बाद करीब दो घंटे तक चले मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों के संबोधन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
समारोह के मुख्य अतिथि अनंत नायक ने कहा कि यह भवन बड़बिल के लोगों को जीवन में नई राह और सकारात्मक दिशा दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्य वक्ता राजयोगिनी बीके आशा दीदी ने कहा कि ‘परमात्म दर्शन’ नाम को सार्थक करने के लिए लोगों को अपने आचरण और व्यवहार में परमात्मा के गुणों को उतारना होगा। राजयोगिनी बीके सुलोचना दीदी ने भवन निर्माण को सामूहिक योगदान, प्रेरणा और शुभकामनाओं का परिणाम बताया।
कार्यक्रम में डॉ. देबव्रत स्वाई, कुमारी लवली जैन, देवेंद्र पिंगुआ, डॉ. बीके नथमल, बीके प्रतिभा और बीके बिंदु बहन सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर द्रौपदी देवी बाल भवन के बच्चों ने संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। समारोह के अंत में श्रद्धालुओं और अतिथियों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।

