गठबंधन पर सियासी तकरार: सरयू राय के निशाने पर कांग्रेस, विश्वसनीयता पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड की राजनीति में गठबंधन को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। वरिष्ठ नेता सरयू राय ने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार चुनाव में कांग्रेस ने झामुमो को हिस्सेदारी नहीं दी और अब असम चुनाव में भी ऐसी ही स्थिति बनती दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने सहयोगियों को केवल राजनीतिक मजबूरी में ही महत्व देती है, जिससे गठबंधन की विश्वसनीयता पर असर पड़ता है।
सरयू राय ने कहा कि जहां गठबंधन की गुंजाइश होती है, वहां कांग्रेस अपने सहयोगियों को हिस्सेदारी देती है ताकि सत्ता में बने रहना सुनिश्चित हो सके, लेकिन मौजूदा समय में कांग्रेस और झामुमो के बीच चल रही बयानबाजी से गठबंधन की साख कमजोर हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के बाद यही दल फिर साथ आने और मतभेद खत्म करने की बात करते हैं, लेकिन चुनावी दौर की बयानबाजी जनता के बीच भ्रम और अविश्वास पैदा करती है।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों के रिश्तों को लेकर नए सिरे से सवाल खड़े हो रहे हैं।

