उर्वरक बिक्री का लाइसेंस लेने का मौका, केवीके में 15 दिवसीय प्रशिक्षण 3 नवंबर से
*एक सप्ताह के भीतर करना होगा आवेदन, प्रशिक्षण शुल्क 15 हजार रुपये निर्धारित*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), गम्हरिया की ओर से जिले के शिक्षित युवक-युवतियों को उर्वरक बिक्री का लाइसेंस प्राप्त करने और पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण कराने का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए केंद्र में 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत 3 नवंबर से होगी।
केवीके हेड सह वरीय वैज्ञानिक पंकज सेठ ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए सूचना जारी कर इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उर्वरक बिक्री का नया लाइसेंस लेने या पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण कराने के इच्छुक युवक-युवतियां एक सप्ताह के भीतर आवेदन जमा कर पंजीकरण करा सकते हैं।
आवेदन के साथ आधार कार्ड और फोटो संलग्न कर कृषि विज्ञान केंद्र, गम्हरिया स्थित कार्यालय में जमा करना होगा। प्रशिक्षण के लिए 15 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यह राशि कृषि विज्ञान केंद्र, सरायकेला-खरसावां के नाम से बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अभ्यर्थी उर्वरक बिक्री का लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगे और अपना व्यवसाय शुरू कर स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर पा सकेंगे।

