बारीडीह में नदी के तेज बहाव में बहे दो युवक, तलाश जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लगातार बारिश के बीच सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती स्थित जिला स्कूल घाट के पास शुक्रवार देर रात ट्यूब के सहारे नदी में उतरे दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। लापता युवकों की पहचान अमित सिंह और अमित सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पर सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। नदी और आसपास के इलाकों में दोनों की तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिला था। परिजनों के अनुसार अमित सिंह रात करीब 10 बजे बाढ़ देखने की बात कहकर घर से निकला था, जबकि अमित कुमार बिट्टू शाम करीब 5 बजे दुर्गा पूजा का चंदा लेने निकला था।
लगातार बारिश से स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी और घाटों से दूर रहने तथा तेज बहाव में नहीं उतरने की अपील की है। घटना के बाद दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

