ईचागढ़ में अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल, संवाददाता : ईचागढ़ थाना क्षेत्र के गौरांग कोचा स्थित प्रशासनिक चेक नाका पर गुरुवार को अवैध बालू ढो रहे दो ट्रैक्टरों को पुलिस ने जब्त कर लिया। दोनों ट्रैक्टरों को ईचागढ़ थाना परिसर में रखा गया है।
थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि चेक नाका पर वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इस दौरान बालू लदे दोनों ट्रैक्टरों को रोका गया और चालकों से बालू परिवहन से जुड़े कागजात मांगे गए। हालांकि चालक किसी भी तरह का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जप्त कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी खनन विभाग को दे दी गई है। आगे की कार्रवाई खनन विभाग द्वारा की जाएगी।


