शिक्षक पात्रता परीक्षा में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं, 30 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
*1 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और वीडियोग्राफी पर विशेष जोर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को कदाचारमुक्त और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को नगर भवन सभागार में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिले के 30 केंद्रों पर 1 नवंबर को दो पालियों में परीक्षा होगी।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने परीक्षा संचालन से जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। केंद्राधीक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों, स्टैटिक दंडाधिकारियों और पेट्रोलिंग दंडाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां समझाई गईं।
अधिकारियों को प्रश्नपत्रों की सुरक्षित अभिरक्षा, निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रश्नपत्र खोलने, ओएमआर शीट के वितरण एवं संग्रहण, वीडियोग्राफी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया। अपर उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

