जमशेदपुर में 14 सितंबर को चंपाई सोरेन की अगुवाई में लगेगा आदिवासी महा दरबार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की अगुवाई में 14 सितंबर को जमशेदपुर के एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में “आदिवासी महा दरबार” आयोजित होगा। यह कार्यक्रम आदिवासी सांवता सुशार अखाड़ा के बैनर तले होगा, जिसका उद्देश्य आदिवासी समाज की एकजुटता और संवैधानिक अधिकारों पर विमर्श करना है।

चंपाई सोरेन ने बताया कि महा दरबार में पेसा कानून, सीएनटी-एसपीटी एक्ट, भूमि अधिग्रहण, विस्थापन और आदिवासी सामाजिक संरचना जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आदिवासी योद्धाओं के संघर्ष से हमें कई अधिकार मिले, लेकिन आज भी हमारी जमीनें छीनी जा रही हैं।

इस आयोजन में कानूनी विशेषज्ञ, सुप्रीम व हाई कोर्ट के वकील, प्रोफेशनल्स, बुद्धिजीवी और आदिवासियों की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था से जुड़े अगुआ शामिल होंगे। तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और निमंत्रण पत्र बांटे जा चुके हैं।

