टाटानगर स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की देरी का मुद्दा संसद तक पहुंचा, सांसद विद्युत वरण महतो ने रेल महाप्रबंधक को लिखा पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के लगातार विलंब से पहुंचने की समस्या को लेकर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कड़ी चिंता जताई है। सांसद ने कहा है कि बीते लगभग एक वर्ष से कांड्रा, बिश्रामपुर, गम्हरिया और आदित्यपुर की ओर से आने वाली यात्री ट्रेनें टाटानगर पहुंचने में 3 से 4 घंटे, जबकि कई बार 5 घंटे तक की देरी से चल रही हैं।
अपने पत्र में सांसद ने उल्लेख किया है कि इस समस्या को लेकर यात्रियों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने स्थानीय रेल अधिकारियों, पैसेंजर एसोसिएशन, सामाजिक संगठनों एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ कई बार इस विषय को उठाया है। इसके अलावा उन्होंने संसद सदन में भी यह मामला रखा तथा केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर यात्रियों की परेशानी से अवगत कराया।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि मंडल रेल प्रबंधक, चक्रधरपुर से भी इस विषय पर बातचीत और पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे यात्रियों में रेल प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है।
उन्होंने महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता और यात्रियों को हो रही परेशानी का शीघ्र समाधान हो सके।

