
छठ को लेकर शिव बांध, छोटा बांध और गौरी घाट की सफाई शुरू*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बड़ा गम्हरिया के प्रमुख तालाबों और घाटों की साफ-सफाई एवं सौंदर्याकरण का काम शुरू कराया गया है। परसुडीह के नामोटोला स्थित वार्ड संख्या छह के पार्षद धनंजय गुप्ता के नेतृत्व में शिव बांध तालाब, छोटा बांध और गौरी घाट पर तैयारियां की जा रही हैं।
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों की व्यापक सफाई कराई गई है। साथ ही, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत भी कराई जा रही है, ताकि पर्व के दौरान व्रतियों को आवागमन में परेशानी न हो। पार्षद धनंजय गुप्ता ने बताया कि सफाई कार्य के बाद घाटों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा। इसके अलावा छठ पूजा के लिए जरूरी अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। मौके पर तपन पाल, अशोक पाल, प्रमोद कुमार सिंह, पीके सिंह सहित कई समाजसेवी मौजूद थे।

