
छठ सामाजिक समानता और सामूहिक एकजुटता का पर्व : प्रेम रंजन
*आदित्यपुर में एक हजार व्रतियों को बांटी गई पूजन सामग्री, बाल विवाह के खिलाफ भी चला जागरूकता अभियान*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
छठ महापर्व समाज को एक सूत्र में बांधने और समानता का भाव मजबूत करने का अवसर है। छठ घाटों पर जाति, वर्ग और आर्थिक हैसियत का अंतर समाप्त हो जाता है तथा सभी श्रद्धालु एक साथ सूर्यदेव की आराधना करते हैं। यह पर्व सामाजिक समरसता और अनुशासन की मिसाल है। यह बातें जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक सह झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन ने गुरुवार को आदित्यपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहीं।
आदित्यपुर-2 के रोड नंबर-15 मैदान में आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति एवं न्यू डिस्को क्लब की ओर से एक हजार छठव्रती महिलाओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इसमें मिट्टी का चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी और आटा शामिल थे। प्रेम रंजन ने कहा कि छठ प्रकृति और सूर्य की आराधना का प्राचीन पर्व है, जिसकी परंपरा ऋग्वैदिक काल से जुड़ी है।
समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि छठ का संदेश व्यवहार में समानता और आपसी सहयोग को अपनाना है। उन्होंने बताया कि कूपन से वंचित व्रतियों को भी शुक्रवार तक पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई खाली हाथ न लौटे।
इस दौरान जिला प्रशासन की समाज कल्याण शाखा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखने की अपील की। कार्यक्रम में आदित्य सिंह, अरविंद तिवारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

