
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। छठ महापर्व को लेकर घाटों पर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में उपायुक्त को 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार प्रतिनिधिमंडल ने एक दिन पूर्व विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया था। इस दौरान कार्यों में देरी और कमियां मिलने के बाद प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
मांगपत्र में घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, सीढ़ियों एवं पहुंच पथों की मरम्मत, पर्याप्त सुरक्षा, प्रकाश, शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय एवं चेंजिंग रूम, स्वास्थ्य शिविर और पार्किंग की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों की तैनाती तथा जागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, वीर सिंह सुरेन, नरोत्तम दास, खुद्दू उरांव, महावीर मुर्मू, सागेन पूर्ति, अजय रजक, प्रीतम हेम्ब्रम, अभय पांडेय, लक्की सिंह, चरणजीत कौर भाटिया, नासिर खान सहित कई झामुमो नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे।

