
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
वीरपुर/ बेगूसराय
लखनवीर महिला दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति द्वारा बुधवार को वीरपुर में सहकारिता वर्ष 2019 से 2024-25 तक का बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान कुल 62 महिला किसानों के बीच 3 लाख 15 हजार 444 रुपये का वितरण किया गया। इसमें बोनस की कुल राशि 1 लाख 88 हजार 491 रुपये और मूल्यांतर की कुल राशि 1 लाख 33 हजार 759 रुपये शामिल है।इसके अलावा सभी किसानों को उपहार स्वरूप घरेलू बर्तन, पशुओं के लिए मिनरल मिक्चर और उनके परिवारों के लिए मिठाई भी दी गई। लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही बोनस मिलने से महिला किसानों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों द्वारा अतिथियों को चादर व फूलमाला देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बरौनी डेयरी के क्षेत्रीय प्रभारी उपेंद्र साह और नोडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने में किसानों की अहम भूमिका है। उन्होंने किसानों को सेक्स सॉर्टेड सीमन के उपयोग की सलाह दी, जिससे 90 प्रतिशत बछिया पैदा होने की संभावना रहती है। साथ ही पशुपालन को बेहतर कर अधिक दूध उत्पादन के टिप्स भी दिए।
मौके पर सुधा मित्र राम उदय कुमार, रामनाथ कुमार, पूर्व उप मुखिया राम नगीना राय, समिति की अध्यक्ष रिंकू देवी, सचिव मंजू देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

