
लेखक: बेगूसराय/राष्ट्र संवाद संवाददाता
नवनिर्मित राशन कार्डधारियों के बीच नए राशन कार्ड का वितरण खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित एनआईसी कार्यालय में किया गया जहां जिलास्तर पर पदाधिकारियों एवं लाभुकों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।
जिले के कुल 14,040 नवगठित राशन कार्डधारियों को नए राशन कार्ड उपलब्ध कराए गए। डीएम श्री पांडेय ने कहा कि राशन कार्ड पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्न सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नए राशन कार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कार्यक्रम के दौरान नए राशन कार्डधारियों के बीच स्वयं राशन कार्ड का वितरण किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दी। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी पूजा प्रीतम अनुमंडल पदाधिकारी बखरी ऐश्वर्या कश्यप सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद थे。

