
बलान के बदहाल घाटों पर ग्रामीणों ने जगाई आस्था की अलख
चिल्हाय पंचायत के एक दर्जन घाटों पर सामुदायिक अभियान
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
धनकौल से लेकर पकठौल तक बलान नदी में उड़ाही नहीं हुई, घाट जलकुंभी से पटे हैं, लेकिन लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी में ग्रामीणों का उत्साह कम नहीं हुआ है। आस्था के इस महापर्व पर छठव्रतियों को स्वच्छ और व्यवस्थित घाट उपलब्ध कराने के लिए चिल्हाय पंचायत में ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है।पंचायत के एक दर्जन छठ घाटों पर सामुदायिक स्तर पर सफाई, सजावट और सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
गुरुवार को रामपुर पुराना शिवाला सीढ़ी घाट पर दर्जनों युवा श्रमदान करते नजर आए। कोई जलकुंभी निकाल रहा था तो कोई घाट की सफाई और नदी में बांस की बैरिकेडिंग करने में जुटा था। मुखिया अरविंद कुमार ने बताया कि पंचायत के सभी 12 घाटों पर ग्रामीणों और युवाओं के सहयोग से अभियान चलाया जा रहा है। घाटों की सजावट के साथ पानी की सफाई के लिए ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कराया जा रहा है।
इससे पूर्व बीडीओ रजनीश कुमार और बीपीआरओ संगीता कुमारी ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर जनप्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए थे।
छठ की तैयारी यहां केवल घाटों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सामूहिक आस्था, श्रमदान और सामाजिक एकजुटता का रूप ले चुकी है। ग्रामीणों की कोशिश है कि नदी की बदहाली के बीच भी व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सके।

