
भगवानपुर (बेगूसराय)। इलाके में अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में तेयाय ओपी पुलिस ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए महेशपुर पंचायत भवन के समीप से 2 युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और एक फरसा बरामद किया है। बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महेशपुर पंचायत भवन के समीप कुछ युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तेयाय ओपी अध्यक्ष पल्लवी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की तत्परता से दोनों युवक भागने में सफल नहीं हो सके और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के हादीपुर गांव निवासी सीताराम सिंह के पुत्र राजा बाबू सिंह तथा भोला सिंह के पुत्र मनीष नीलकमल उर्फ सोनू सिंह के रूप में हुई है। ओपी अध्यक्ष पल्लवी कुमारी ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों से हथियार के स्रोत और उसके संभावित इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई को पुलिस की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। इससे क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच पुलिस का सख्त संदेश गया है。


