
कौशल प्रतियोगिता में 26 विद्यालयों के 150 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा*l
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया,
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, गम्हरिया में गुरुवार को जिला स्तरीय कौशल विकास प्रतियोगिता आयोजित हुई। समग्र शिक्षा, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में हुई प्रतियोगिता में 26 विद्यालयों के करीब 150 विद्यार्थियों ने दस ट्रेड में मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मौलिक सोच के साथ अपने कौशल को रचनात्मक दिशा देने की सलाह दी। कहा कि व्यावसायिक शिक्षा रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ प्रतिभा निखारने का माध्यम है।
इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में एनआर डिस्ट्रिक्ट सीएमएसओई के प्रकाश सिंह मंडल का स्मार्ट होम प्रोजेक्ट प्रथम रहा। कपाली की समां प्रवीण की टीम दूसरे और तिरुलडीह के रोहित कुमार मंडल की टीम तीसरे स्थान पर रही। अन्य ट्रेडों में रिटेल में नमिता महतो, मीडिया में सकीला महतो, एग्रीकल्चर में सुष्मिता आचार्य, ऑटोमोटिव में नेपाल बेसरा, हेल्थकेयर में आकाश कुंडू, मल्टी स्किल में अभिजीत महतो, आईटी में हर्षित कुमार, अपेरल में चांदनी गोराई तथा टूरिज्म में दिव्यांशु कुमार की टीम प्रथम रही।
मौके पर सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अलका लकड़ा, जॉन मैथ्यू, प्रमोद जायसवाल, रघुवर तिवारी सहित व्यावसायिक शिक्षक उपस्थित थे।

