गांवों की प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर: संजीव सरदार
*चांगिरा में एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट, 48 टीमों ने लिया हिस्सा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पंचायत केरवाडुंगरी के चांगिरा गांव में सीएमसी चांगिरा की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की 48 टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी आयोजन स्थल पहुंचे, जिससे मैदान में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा।
पोटका विधायक संजीव सरदार ने टूर्नामेंट में पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने सभी टीमों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती हैं। इससे खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ गांवों में खेल संस्कृति भी मजबूत होती है।
विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार सिदो-कान्हू युवा खेल क्लब योजना के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही है। प्रयास है कि गांवों में ही खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण और पर्याप्त अवसर मिलें, ताकि प्रतिभाशाली युवा प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
आयोजन समिति के धनपति सिंह और अजय कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति ने विधायक के आयोजन में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पर आभार जताया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा गया।

