- काण्ड्रा से राजनगर तक बदले थानेदार, पुलिसिंग में बड़ा फेरबदल
*सोनू कुमार को राजनगर, विपुल ओझा को तिरुलडीह की कमान; छह थाना-ओपी में नई तैनाती*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव करते हुए कई थाना और ओपी प्रभारियों की नई पदस्थापना की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को नए पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
आदेश के तहत सोनू कुमार को राजनगर थाना प्रभारी बनाया गया है। राजनगर के पूर्व प्रभारी विपुल ओझा अब तिरुलडीह थाना संभालेंगे। चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार को सीनी ओपी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि खरसावां में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह को चौका थाना प्रभारी बनाया गया है।
काण्ड्रा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर नरसिंह मुंडा को दलभंगा ओपी प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं विनोद तिर्की काण्ड्रा थाना के नए प्रभारी होंगे।
पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद नए पदाधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस-जन समन्वय को प्रभावी बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। पुलिस विभाग के स्तर पर इसे पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया बदलाव बताया गया है।

