गम्हरिया में अचेत मिला सिक्युरिटी गार्ड, मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
टाटा-काण्ड्रा मुख्य मार्ग पर रामचंद्रपुर के पास गुरुवार सुबह अचेत मिले सिक्युरिटी गार्ड संदीप महापात्र की अस्पताल में मौत हो गई। गश्ती पुलिस ने उसे अचेत अवस्था में गम्हरिया चिकित्सा केंद्र पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
संदीप एक निजी एजेंसी में सिक्युरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था और गम्हरिया थाना के पास किराये के मकान में रहता था। वह किन परिस्थितियों में सड़क किनारे अचेत मिला, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलने की उम्मीद है।

