प्रतिभा को मंच मिले तो बढ़ता है बच्चों का आत्मविश्वास
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रोत्साहित करने में माता-पिता व शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सही मार्गदर्शन और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने से बच्चों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। यह बातें भारत संस्कार के अध्यक्ष विनोद वार्ष्णेय ने राजकीय उड़िया मध्य विद्यालय में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कहीं।
कार्यक्रम का संचालन भारत संस्कार के उपाध्यक्ष व शिक्षाविद एसडी प्रसाद ने किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आरोही को स्वर्ण पदक व प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। सामूहिक देशभक्ति नृत्य, क्विज और चित्रांकन प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व कलम देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्य ममता झा, शिक्षिका पुष्पा, नंदिता दास और शिक्षक राजीव ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। प्राचार्य ने कहा कि भारत संस्कार के सहयोग से विद्यालय में आगे भी प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

