जमशेदपुर में धूमधाम से मनाई गई सरस्वती पूजा, शिक्षण संस्थानों में दिखा उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जमशेदपुर में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। बसंत पंचमी के अवसर पर शहर के स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न इलाकों में स्थापित पंडालों में मां सरस्वती की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता स्वयं पूजा में शामिल हुईं और विधिवत मां सरस्वती की आराधना की। उनके साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं पूजा-अर्चना में सम्मिलित रहीं। पूजा के बाद छात्राओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर प्रसाद ग्रहण किया।
सरस्वती पूजा के मौके पर अधिकांश छात्राएं पारंपरिक परिधान, विशेषकर साड़ी पहनकर पूजा में शामिल हुईं। पूजा के उपरांत विश्वविद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां छात्राओं ने भक्ति गीतों और संगीत की धुनों पर नृत्य किया और एक-दूसरे को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं। पूरे कैंपस में खुशी और उल्लास का वातावरण बना रहा।

